गाजियाबाद। ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन (GHF) की वरिष्ठ नागरिक सेवा पहल ‘प्रोजेक्ट कर्तव्य’ के तहत सिल्वर बेल्स स्कूल के सहयोग से दुहाई स्थित वृद्धाश्रम में ‘ब्रिजिंग जनरेशन्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में सिल्वर बेल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताया। बच्चों ने उनसे बातचीत कर जीवन के अनुभव और सीख साझा की। विभिन्न गतिविधियों के दौरान बच्चों और बुजुर्गों के बीच आत्मीय संवाद देखने को मिला। इस भावनात्मक मिलन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भी प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि एसीपी अमित सक्सेना पत्नी सहित कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी आयोजन में सहभागिता की। GHF के चेयरमैन डॉ. सुनील दत्त के नेतृत्व में अनिल अरोड़ा, कोमल अरोड़ा समेत संस्था के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख आने वाली पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण हैं। ‘ब्रिजिंग जनरेशन्स’ जैसी पहल बच्चों और बुजुर्गों के बीच संवाद और अपनत्व बढ़ाने के साथ समाज में संवेदनशीलता एवं आपसी सम्मान को मजबूत करती है।
GHF ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट कर्तव्य’ के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, कल्याण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए संस्था आगे भी निरंतर प्रयास करती रहेगी।

No comments:
Post a Comment