गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी मनकापुर, थाना गोंडा की पुलिस ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में 20 सितंबर को जीआरपी चौकी मनकापुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन मनकापुर के प्लेटफॉर्म नंबर-03 के पूर्वी छोर से नितीश कुमार पुत्र चुनमुन महतो, निवासी पपरपुरा थाना मुफस्सिल, जिला बेगूसराय (बिहार), उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए। बरामद एक मोबाइल के संबंध में थाना जीआरपी गोंडा में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि दूसरे मोबाइल के संबंध में धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था। चोरी किए गए मोबाइल को सस्ते दामों पर बेचकर उससे प्राप्त धन से अपना जीवन-यापन करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के मोबाइल बेचने के इरादे से मनकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था, जहां उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच में उसके खिलाफ जीआरपी गोंडा में धारा 305(सी)/317(2) तथा धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी राजकुमार सिंह, चौकी प्रभारी मनकापुर राम, उपनिरीक्षक रवि प्रकाश यादव, कांस्टेबल अरविंद यादव और कांस्टेबल मुलायम यादव शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment