बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कड़र खास गांव निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया है। महिला ने बेटी की सकुशल बरामदगी कराने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि 27 जुलाई 2026 की सुबह करीब नौ बजे गांव का ही एक युवक उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला के मुताबिक, आरोपी ने कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर रखा और फेसबुक व व्हाट्सऐप के जरिए बेटी पर दबाव बनाया। शिकायत में कहा गया है कि बेटी डर के कारण आरोपी के साथ रहने को मजबूर है।
महिला ने बताया कि घर में रखे करीब 1.70 लाख रुपये नकद और लगभग आठ नग आभूषण भी बेटी के साथ चले गए। आरोप है कि युवक पहले से ही उसकी बेटी के पीछे पड़ा था और समझाने के बावजूद नहीं माना।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 31 जुलाई को बेटी ने एक मोबाइल नंबर से बातचीत कर कथित तौर पर बताया कि वह दिल्ली में है। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। महिला ने एक अन्य व्यक्ति समेत कई लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।
महिला ने एसपी से मामले की जांच कर नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराने और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है। उसने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment