वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 सतीश कुमार के निर्देशन एवं नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इसी क्रम में खलीलाबाद तहसील क्षेत्र स्थित सैनिक ढाबा एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के किचेन में अत्यधिक गंदगी पाई गई। इसके अलावा फ्रीजर से दुर्गंध आने की स्थिति भी सामने आई। खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत स्थिति पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में नोटिस का अनुपालन नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।
अभियान के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से पनीर का एक नमूना भी संग्रहित किया, जिसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सच्चिदानंद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment