वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) के तत्वावधान में रेलवे अधिकारी क्लब, गोरखपुर में 02 सितंबर 2026 को अखिल रेल हिंदी वाक् प्रतियोगिता-2025 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन रेलवे बोर्ड की निदेशक/राजभाषा डॉ. वी. सुगुणा के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रीय रेलों से आए कुल 23 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा में अपने विचार एवं वक्तृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड की उप निदेशक/राजभाषा श्रीमती अंजु गेरा, सहायक निदेशक/राजभाषा जितेन्द्र कुमार झा सहित रेलवे बोर्ड के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर के प्रधानाचार्य पवन कुमार मिश्र तथा दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार राय शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक श्रीमती अनामिका सिंह ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि, अभिव्यक्ति कौशल और राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

No comments:
Post a Comment