बलिया। पूर्वांचल को अलग राज्य का दर्जा देने सहित विभिन्न जनहितकारी मांगों को लेकर भारतीय अपना समाज पार्टी एवं राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बलिया में कार्यकर्ता सम्मान समारोह और धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा की ओर से जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार को 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन सिंह सूर्यवंशी एवं राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ उपाध्याय ने कहा कि पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। पूर्वांचल के समुचित विकास के लिए अलग राज्य का गठन जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है।
मुख्य अतिथि शुभम कृष्ण अग्रवाल समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर मोर्चा गांव से लेकर शासन स्तर तक आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन किसी जाति या वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला, व्यापारी और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है।
ज्ञापन में पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, यूजीसी की कथित जनविरोधी नीतियों को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में सुधार, जातिगत भेदभाव समाप्त करने तथा गरीबों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा कक्षा 12 तक गरीब विद्यार्थियों को नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और शिक्षित बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने की मांग उठाई गई।
किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने, महिलाओं, मजदूरों, छोटे व्यापारियों एवं मध्यम वर्ग के हित में प्रभावी योजनाएं लागू करने, चिटफंड कंपनियों में फंसे लोगों का धन वापस कराने तथा निजी अस्पतालों में गरीब मरीजों के आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। टोल टैक्स एवं अनावश्यक रोड टैक्स से आम जनता को राहत देने और समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजू सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्याम सुंदर पासवान, सोनू तिवारी, संजय पांडेय, नीलम सिंह, राजेश मिश्रा, विशाल सिंह, खेदन तिवारी, शिवदयाल पाल, केदारनाथ उपाध्याय, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment