<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, September 8, 2026

योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, वृद्धजनों का करें सम्मान - नीलम सिंह राना


बस्ती। आदर्श नगर पंचायत नगर द्वारा आयोजित 35वें योग शिविर एवं वृद्धजन सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड के दो वृद्धजनों को सम्मानित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा प्रदान किया गया महाप्रसाद है, जो मानव जीवनशैली को उत्कृष्ट बनाने में सहायक है। स्वस्थ तन और मन के लिए नागरिक योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि परिवार के वृद्ध हमारे प्रत्यक्ष देवी-देवता के समान हैं। उनकी सेवा और सम्मान कर हम आने वाली पीढ़ी को सामाजिकता और संस्कार का संदेश दे सकते हैं।
चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड स्थित गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नगर देश की पहली नगर पंचायत है, जहां प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को योग दिवस एवं वृद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रीय नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि नगर को देश के स्तर पर प्रतिष्ठित करना सभी का दायित्व है।
समारोह में 80 वर्षीय लाली देवी और 86 वर्षीय मैकू को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया गया। उन्हें मिष्ठान खिलाकर तिलक लगाया गया और आरती उतारकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी के प्रबंधक हरिपाल निषाद, सभासद सतराम निषाद, योग शिक्षिका राजकुमारी सोनी, सुमन, राकेश शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, राकेश पांडेय, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन श्रुति कुमार अग्रहरि ने किया।

No comments:

Post a Comment

Pages