बस्ती। एक सितंबर से लापता कोषागार कर्मचारी संघ के मंत्री आलोक श्रीवास्तव के भाई आनंद श्रीवास्तव की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संघ भवन में परिषद की आकस्मिक बैठक अध्यक्ष मस्तराम वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आनंद श्रीवास्तव की गुमशुदगी और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उनकी शीघ्र सकुशल बरामदगी की मांग की गई।
परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल और मंत्री तौलू प्रसाद ने बताया कि आनंद श्रीवास्तव के लापता होने के बाद परिजनों ने दो सितंबर को थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कई दिन बीतने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं होने के कारण कर्मचारियों में भी आक्रोश है।
कोषागार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश पाठक ने कहा कि आनंद श्रीवास्तव का रहस्यमय ढंग से लापता होना गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनकी सकुशल बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास करने की मांग की।
बैठक में कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि 15 सितंबर तक आनंद श्रीवास्तव की सकुशल बरामदगी नहीं होने पर 16 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद के कर्मचारी धरना देंगे। कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से समय रहते मामले में ठोस कार्रवाई कर आनंद को सकुशल बरामद करने की मांग की।
बैठक में कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ उपाध्यक्ष अशोक मिश्र, डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ अध्यक्ष इं. अभिषेक सिंह, दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष अशोक सिंह, सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष अजय आर्य, आईटीआई कर्मचारी संघ अध्यक्ष हरिशंकर, सिंचाई संघ अध्यक्ष सुभाष मिश्र, व्यापारकर मिनिस्टीरियल अध्यक्ष सरोज मिश्र, कृषि मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ अध्यक्ष सचिन पाण्डेय, कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ मंत्री आशीष कुमार, अधीनस्थ कृषि सेवा संघ अध्यक्ष अभिषेक, कुष्ठ कर्मचारी संघ अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, गन्ना पर्यवेक्षक संघ अध्यक्ष सोम सुंदरम, पेंशनर्स कल्याण संस्था अध्यक्ष जलालुद्दीन कुरैशी समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment