वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय अपना समाज पार्टी के नेतृत्व में मंगलवार को गोरखपुर के पंत पार्क में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी गोरखपुर के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की गई।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि गरीबी किसी एक जाति की समस्या नहीं है, बल्कि प्रत्येक वर्ग में गरीब और जरूरतमंद लोग मौजूद हैं। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए आर्थिक आधार को प्रमुख मानदंड बनाने तथा वास्तविक जरूरतमंदों को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में यूजीसी एवं अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम में बदलाव, आरक्षण सुधार, आर्थिक आधार पर आरक्षण और सवर्ण आयोग के गठन की मांग प्रमुख रही।
सूर्यवंशी ने कहा कि पूर्वांचल को अलग राज्य का दर्जा, किसानों को समय से खाद-बीज, शुल्क व्यवस्था में राहत तथा गरीबों को केवल आधार कार्ड के आधार पर आयुष्मान भारत के तहत उपचार की सुविधा भी पार्टी की प्रमुख मांगों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया। इस दौरान अधिवक्ता अमित सिंह, विशाल सिंह, नीरज मिश्रा, हर्षवर्धन सिंह, मानवेंद्र सिंह, अवधेश कुमार मिश्रा, अभिषेक सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

No comments:
Post a Comment