वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने एनएचएआई मार्गों के किनारे झाड़ियों की सफाई, पटरी व नाली की मरम्मत तथा अवैध कट्स को बंद कराने सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई प्रतिनिधि को मार्ग किनारे झाड़ियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को गलत साइड तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित जांच और चालान की कार्रवाई करने को कहा। मालवाहक वाहनों, विशेषकर ट्रैक्टर-ट्रालियों के पीछे रिफ्लेक्टर व रेडियम पट्टी लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक लाइट लगाने और आवश्यक यातायात संकेतक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने को कहा। प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रम्बल स्ट्रिप बनाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
स्कूली वाहनों को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए जनपद के सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने, परमिट व फिटनेस की नियमित जांच करने और अनफिट वाहनों का चालान कर बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विद्यालय में एक भी अनफिट वाहन संचालित नहीं होना चाहिए।

No comments:
Post a Comment