महादेवा, बस्ती। पूर्व रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य एवं व्यापारी नेता गौरव गुप्ता विक्की ने रेलवे टिकट बुकिंग में कथित तौर पर अवैध एवं प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर रेलवे की आरक्षण व्यवस्था को और सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने का सुझाव दिया।
गौरव गुप्ता ने कहा कि कुछ अनधिकृत एजेंट और असामाजिक तत्व कथित रूप से ऐसे सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर बेहद कम समय में बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते हैं। इससे सामान्य यात्रियों को तत्काल टिकट उपलब्ध नहीं हो पाता और उन्हें वेटिंग लिस्ट का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग टिकटों को बाद में जरूरतमंद यात्रियों को अधिक कीमत पर उपलब्ध कराते हैं।
उन्होंने रेलवे की साइबर सुरक्षा मजबूत करने, अवैध सॉफ्टवेयर की बिक्री और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा संदिग्ध एजेंटों की आईडी ब्लॉक करने की मांग की। साथ ही टिकट बुकिंग के दौरान कैप्चा और ओटीपी सत्यापन को और सख्त करने का सुझाव दिया।
गौरव गुप्ता ने आरक्षित टिकट पर प्रथम यात्री की हालिया फोटो, टिकट बनाते समय आधार सत्यापन तथा जरूरत पड़ने पर यात्री की पहचान की डिजिटल जांच की व्यवस्था लागू करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध मामलों में यात्रियों की पहचान की जांच के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे आम यात्रियों के हित में इस समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी कदम उठाएगा।

No comments:
Post a Comment