गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अनुभाग गोरखपुर की सर्विलांस सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले तीन माह में खोए हुए 510 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें 505 एंड्रायड मोबाइल और पांच आईफोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सर्विलांस सेल और जीआरपी के विभिन्न थानों व चौकी की टीमों के अथक प्रयास से मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से बरामद किए गए।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह ने बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को पुलिस अधीक्षक रेलवे कार्यालय में सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जीआरपी पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
पुलिस के मुताबिक, मई 2025 से अब तक सर्विलांस सेल ने 1,810 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी रेलवे ने सर्विलांस सेल टीम को 2,000 रुपये और जीआरपी थाना गोरखपुर पुलिस टीम को 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया।
बरामदगी में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, हेड कांस्टेबल सुन्दर सिंह, कांस्टेबल बृजेश यादव, विकास कुमार राय और रितेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment