वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना दुबौलिया क्षेत्र के ग्राम नयकापार निवासी मनीष कुमार के साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत पर दुबौलिया पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी धनराशि 99,999.20 रुपये वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस और साइबर सेल टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार मनीष कुमार पुत्र पलटू ने साइबर ठगी की शिकायत थाना दुबौलिया में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के तत्काल बाद थाना स्तर पर गठित साइबर टीम ने संबंधित बैंक से संपर्क कर आवश्यक पत्राचार किया। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी एवं विधिक कार्रवाई करते हुए बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को लीन/होल्ड करा दिया।
इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कोर्ट के आदेश के माध्यम से 99,999.20 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
कार्रवाई में साइबर टीम प्रभारी अजय कुमार पांडेय, आरक्षी रमेश यादव, महिला आरक्षी साधना पांडेय और आरक्षी मनोज यादव शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को उसकी पूरी रकम वापस मिल सकी।

No comments:
Post a Comment