बस्ती। वित्तीय वर्ष 2026-27 में केंद्र पुरोनिधानित सपोर्ट टू स्टेट एक्सटेंशन प्रोग्राम्स फॉर एक्सटेंशन रिफार्म्स योजना के अंतर्गत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने के लिए सात दिवसीय अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बस्ती जिले के 60 किसानों के दल को कृषि भवन से हरी झंडी दिखाकर उत्तराखंड के लिए रवाना किया गया।
उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड से चार-चार किसानों तथा विकासखंड साऊंघाट से आठ किसानों का चयन किया गया है। किसानों का दल आचार्य गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में सात दिवसीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेगा।
इस दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन कृषि पद्धतियों तथा खेती से संबंधित आधुनिक जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने क्षेत्र में नई तकनीकों का प्रयोग कर कृषि उत्पादन एवं आय बढ़ा सकें।
कृषक दल को विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, संयुक्त कृषि निदेशक राम बचन राम, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य एवं उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने कृषि भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर प्राप्त जानकारी को अन्य किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

No comments:
Post a Comment