बस्ती। विधानसभा क्षेत्र हर्रैया में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, खेल और आवागमन से जुड़ी करीब 55 करोड़ रुपये की निर्माणाधीन परियोजनाओं का शुक्रवार को विधायक अजय सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने सबसे पहले थान्हा खास, हर्रैया में करीब 4.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि संस्थान के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इसके बाद बीआरसी हर्रैया परिसर में लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विकासखंड परसरामपुर के ग्राम धरमपुर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे स्टेडियम का भी विधायक ने जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल सुविधाएं आवश्यक हैं। यह स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे संपर्क मार्गों और सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता के धन का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में हर्रैया क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आधुनिक विद्यालय, आईटीआई, स्टेडियम और बेहतर सड़कों का निर्माण क्षेत्र के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करेगा। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment