वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलकर्मियों के लिए एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित शिविर में कर्मचारी कल्याण निधि के अंतर्गत 49 रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान रेलकर्मियों ने अयोध्या में नव-निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद हनुमानगढ़ी, सीता की रसोई, सरयू तट, राम की पैड़ी, हनुमत कुंड और भरतकुंड सहित प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। कर्मचारियों ने अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेल प्रशासन का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्य के साथ मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ना है। ऐसे भ्रमण कार्यक्रम कर्मचारियों के तनाव को कम करने के साथ उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण से जुड़े इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे।
No comments:
Post a Comment