<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, September 25, 2026

3000 विद्यार्थियों के स्वरों से गूंजा ‘वन्दे मातरम्’, राष्ट्रभावना से सराबोर हुआ पक्कीबाग

गोरखपुर। वन्दे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर (10+2), पक्कीबाग में ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में निर्धारित समय पर करीब 3000 छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार ने एक साथ वन्दे मातरम् का गायन कर राष्ट्रप्रेम, एकता और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का भाव व्यक्त किया। हजारों विद्यार्थियों के एक साथ गूंजते स्वरों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पी.एन. सिंह ने कहा कि आजादी की अलख जगाने में वन्दे मातरम् की भूमिका अतुलनीय रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को वन्दे मातरम् के इतिहास, इसकी रचना तथा स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में लोगों के भीतर राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बुद्ध संस्था समूह, गीडा के महानिदेशक एवं एमएमएमयूटी के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. गोविंद पाण्डेय ने कहा कि “वन्दे मातरम् भारत की आत्मा है।” उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवपूर्ण स्मृतियों से जुड़ी भावनात्मक अभिव्यक्ति है।
- दीनदयाल जयंती पर भी हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। श्रीमती प्रियंवदा सिंह ने उनके जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी सेवा, समर्पण और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवगाथा और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उप प्रधानाचार्य राम केवल शर्मा ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य एस.एन. कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ देशप्रेम के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Pages