गोरखपुर। दी एन.ई. एण्ड ई.सी. रेलवे इम्पलाईज मल्टी-स्टेट प्राइमरी को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, गोरखपुर की 105वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक रविवार को रेलवे प्रेक्षागृह में बैंक के सभापति राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बैंक की वित्तीय प्रगति, वार्षिक कार्यों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने बैंक के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सन्नी सिंह एवं धीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। बैठक की शुरुआत गणेश एवं शिव वंदना से हुई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। बैंक की स्थापना और विकास यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ सराहा।
बैठक में बैंक के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ कुमार श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बैंक की उपलब्धियों और वित्तीय स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष में बैंक ने 26.97 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इस उपलब्धि पर सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुद्ध लाभ के निस्तारण को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में 5 सितंबर 2025 को हुई पिछली सामान्य निकाय की बैठक के कार्यवृत्त की भी सर्वसम्मति से पुष्टि की गई। वर्ष 2025-26 के लेखा परीक्षित संतुलन पत्र एवं लाभ-हानि खाते पर सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया, जिसके बाद इन्हें सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया।
वहीं, वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित वार्षिक बजट पर भी सदस्यों ने चर्चा की। विचार-विमर्श के बाद बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। वार्षिक प्रतिवेदन और बजट को सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट से समर्थन दिया।
बैठक में बैंक के पदाधिकारी, कर्मचारी और सामान्य निकाय के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने बैंक की उपलब्धियों को भविष्य की योजनाओं के लिए आधार बताते हुए संस्था को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

No comments:
Post a Comment