वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। दुबौलिया पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में करीब 15 माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राजकुमार चौहान उर्फ पाड़े को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे सोमवार को विशेषरगंज बाजार में साड़पुर की ओर जाने वाले तिराहे से सुबह करीब 9:45 बजे हिरासत में लिया। उसके खिलाफ थाना दुबौलिया में गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज था।
थानाध्यक्ष दुबौलिया जीवन त्रिपाठी के नेतृत्व में वरिष्ठ उप निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंचे और अभियुक्त को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, 14 जून 2025 की रात राजकुमार का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। पूछताछ में अभियुक्त ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि विवाद के दौरान उसने लकड़ी की पटिया से पत्नी पर प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह फरार हो गया और पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी बढ़ाकर अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा।
मामले में मृतका की पुत्री सोनाली की तहरीर पर 20 जून 2025 को थाना दुबौलिया में मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त के लगातार फरार रहने पर 28 अक्टूबर 2025 को न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुआ। इसके बाद जनवरी 2026 में न्यायालय से धारा 84 बीएनएसएस के तहत आदेशिका प्राप्त कर कार्रवाई की गई। छह जून 2026 को न्यायालय से धारा 85 बीएनएसएस की आदेशिका मिलने के बाद अभियुक्त के घर की कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी। 11 जून 2026 को उसके विरुद्ध मफरूरी में आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया था। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment