गोरखपुर। यूनेक्स सनराइज प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मृति द्वितीय यूपी स्टेट मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट (अंडर-19) का आयोजन 10 से 13 सितंबर तक लेविन्स बैडमिंटन अकादमी, धरमपुर के निकट किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के संबद्धता में किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में बालक एकल, बालक युगल, बालिका एकल, बालिका युगल और मिश्रित युगल समेत पांच स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर चयनित करीब 30 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
गोरखपुर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर बेहतर मंच उपलब्ध कराना और गोरखपुर में बैडमिंटन खेल को नई पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि जिले में लंबे समय से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय अंपायर आरती कुमार दीक्षित होंगे। निर्णायक मंडल में अजीत कुमार सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, चंदन विनोद साहू और सक्षम त्रिपाठी शामिल होंगे। मैच कंट्रोलर की जिम्मेदारी नजीब कुमार (वाराणसी) संभालेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 10 सितंबर को शाम चार बजे तथा समापन एवं पुरस्कार वितरण 13 सितंबर को अपराह्न तीन बजे किया जाएगा। आयोजन के दौरान गोरखपुर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष मंकेश्वर नाथ पांडेय, सचिव राजीव श्रीवास्तव सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता को नेशनल एजुकेशनल सोसाइटी एवं महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज, गोरखपुर का सहयोग प्राप्त है।

No comments:
Post a Comment