वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कांग्रेस आरटीआई विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी महेन्द्र श्रीवास्तव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पैतृक गांव चंदौली जिले के बभौरा में वीआईपी व्यवस्था के नाम पर भारी पुलिस बल की तैनाती को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की जांच कराने के साथ ही सरकारी धन की कथित बर्बादी की वसूली कराए जाने की मांग की है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि एक ओर थानों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए पुलिस बल की कमी बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर एक खाली मकान की सुरक्षा में 15 पीएसी जवानों की 24 घंटे तैनाती प्रशासनिक संसाधनों के दुरुपयोग को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स से वेतन पाने वाले जवानों को लंबे समय से सूने मकान की सुरक्षा में लगाए रखना गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस नेता का दावा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पैतृक मकान में करीब 20 वर्षों से कोई परिवार का सदस्य नहीं रहता, इसके बावजूद वहां पीएसी का कैंप तैनात है। उन्होंने इसे वीआईपी संस्कृति और सरकारी धन के अपव्यय की पराकाष्ठा बताते हुए जांच की मांग की।
महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षा मंत्री को स्वयं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करानी चाहिए तथा यदि अनावश्यक सरकारी व्यय हुआ है तो उसकी जिम्मेदारी तय कर धनराशि की वसूली की जानी चाहिए।

No comments:
Post a Comment