बस्ती। रामबाग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहिनों, आचार्य बंधुओं, आचार्या भगिनियों एवं कर्मचारियों ने एक समय, एक लय और एक स्वर में वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ऋषिदीप, विशिष्ट अतिथि प्रहलाद मोदी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता भावेश पाण्डेय तथा अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ऋषिदीप ने कहा कि वन्देमातरम् केवल शब्दों का गीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में क्रांतिकारियों के उत्साह और देशभक्ति का अमर गान रहा है। यह भारत माता के व्यापक स्वरूप और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रतिबिंबित करता है।
विशिष्ट अतिथि भावेश पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि वन्देमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के आयोजन के साथ आगामी 200वीं जयंती के भी साक्षी बनेंगे। उन्होंने वन्देमातरम् को भारत माता की वंदना बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव ने अतिथियों का परिचय कराते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को अपने पूर्वजों के कृतित्व और देश की गौरवशाली परंपराओं को स्मरण रखते हुए भारत माता के स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखना है। वन्देमातरम् इसी भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम का संचालन अजय द्विवेदी एवं हरिहरनाथ पांडे ने किया, जबकि आभार श्रीमती ममता शुक्ला ने व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य अच्युतानंद, करुणाकर, राजकिशोर, आचार्या बिंदु शुक्ला, पूजा सिंह, शिवांगी, गरिमा सहित आचार्य परिवार, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment