<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 21, 2026

अपहरण के 12 घंटे के भीतर विशाल सकुशल बरामद, चार गिरफ्तार


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

संतकबीरनगर। थाना बखिरा पुलिस ने अपहरण की घटना का 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए अपहृत विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार, 42,620 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार की तलाशी में विशाल कुमार के हस्ताक्षरयुक्त एवं फोटो लगे शपथ पत्र, आवेदन पत्र और आधार कार्ड समेत कुल 15 दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, संतोषपुर निवासी ओमप्रकाश कुमार ने बखिरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि 20 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे उनके भाई विशाल कुमार को विश्वकेतु यादव ने फोन कर सांसद के घर चलने के लिए बुलाया था। तहरीर में अशोक यादव, धर्मेंद्र यादव और जितेंद्र यादव के भी साथ होने की जानकारी दी गई थी। देर शाम तक विशाल के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बखिरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपहृत की बरामदगी के लिए कई टीमें गठित कीं। 21 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे मुखबिर की सूचना और सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने कांटे के पास खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रही अर्टिगा कार संख्या यूपी 51 बीआर 0671 को रोककर तलाशी ली। कार से विशाल कुमार को सकुशल बरामद किया गया और चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

No comments:

Post a Comment

Pages