वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त माह तक ‘मिशन जीरो स्क्रैप’ के तहत स्क्रैप निस्तारण से रेलवे को 108.67 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं, अकेले अगस्त 2026 में स्क्रैप निस्तारण से 24.16 करोड़ रुपये की आय हुई।
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा रेल परिसरों और रेल लाइनों के किनारे पड़ी अवांछित एवं निष्प्रयोज्य सामग्रियों की पहचान कर उनका निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही परित्यक्त भवनों एवं आवासों को भी चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
स्क्रैप निस्तारण से रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने के साथ ही रेल परिसरों और पटरियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिल रही है। लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी सामग्रियों को हटाए जाने से रेल परिसर अधिक साफ-सुथरे और व्यवस्थित हो रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा स्क्रैप निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी गति दी जा रही है। इससे रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव के साथ स्वच्छ एवं सुन्दर रेल परिसर विकसित करने में भी सहायता मिल रही है।
No comments:
Post a Comment