<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 7, 2026

सैनिक बंधु बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई गंभीर चर्चा


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

संत कबीर नगर। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण भवन स्थित वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह सभागार में सितंबर माह की सैनिक बंधु बैठक आयोजित हुई। बैठक में करीब 40 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया।

बैठक की शुरुआत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने पीठासीन अधिकारी का स्वागत करते हुए पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति उनके प्रयासों और संवेदनशीलता की सराहना की। इसके बाद पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं पर विभागवार चर्चा की गई।

चकबंदी विभाग से संबंधित लंबित मामलों का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने चकबंदी अधिकारी को सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित एक्सईएन को सभी मामलों का इसी माह के भीतर अनिवार्य रूप से समाधान कराने के निर्देश दिए।

नगर पालिका से संबंधित विमला देवी और हवलदार अमरजीत यादव के प्रार्थना पत्रों पर भी सुनवाई हुई। अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका खलीलाबाद को निर्देशित किया कि संबंधित कार्यों को कार्ययोजना में शामिल कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें और इसकी प्रमाणित रिपोर्ट प्रेषित करें।

बैठक के समापन पर अपर जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके सम्मान, हितों और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपखंड अधिकारी विद्युत सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages