वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) बस्ती की ओर से एपीएन महाविद्यालय समेत चार इंटर कॉलेजों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक SFI की सदस्यता ग्रहण की और संगठन की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में रुचि दिखाई।
सदस्यता अभियान के दौरान छात्रों से SFI के ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ सहित विभिन्न रचनात्मक पहलों पर चर्चा की गई। प्रोजेक्ट उड़ान के तहत CUET, IIT और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की योजनाओं की जानकारी दी गई।
SFI नेताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल शिक्षा से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के चौमुखी विकास, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना भी है। इस दौरान छात्रों को SFI की विचारधारा और उसके प्रेरणास्रोतों के बारे में भी जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महान विचारकों के विचारों से प्रेरणा लेते हुए SFI समानता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक मूल्यों और शिक्षा के अधिकार के लिए कार्य करता है। छात्रों से शिक्षा के साथ समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया।
SFI पदाधिकारियों ने बताया कि सदस्यता अभियान जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी आगे जारी रखा जाएगा।
अभियान के दौरान SFI उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पार्थ सारथी द्विवेदी, दुर्गेश यादव तथा बस्ती कमेटी से संयोजक वेदिक द्विवेदी, राज मोहम्मद, ऋषिक द्विवेदी, हमजा, अनिल यादव, विंदेश यादव, आनंद शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment