<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, August 27, 2026

लखनऊ में नौ स्थानों पर गूंजा ‘खेलो इंडिया संवाद’, युवाओं को खेल, फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित राष्ट्रव्यापी ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का लखनऊ में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन, प्रतिभा विकास, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण से जोड़ना रहा।

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक श्रीमती अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि रहीं। इस अवसर पर केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, उत्तर प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री सुहास एल.वाई. सहित खेल जगत से जुड़े स्पोर्ट्स आइकन एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। पैरा एथलीट एवं यूथ एशियन पैरा गेम्स-2025 की कांस्य पदक विजेता मुस्कान ने भी युवाओं से संवाद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के चित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने स्वागत संबोधन दिया। कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर के लाइव प्रसारण से जोड़ा गया। प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल आगमन हुआ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्वागत संबोधन दिया।

इस दौरान राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्म तथा खेल क्षेत्र से संबंधित प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस-2026 के संबोधन के प्रमुख अंशों पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की गई। इसके बाद प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद युवा संवाद आयोजित हुआ, जिसमें खेल अवसंरचना के विकास, भारतीय खेल क्षेत्र की प्रगति तथा आगामी ओलंपिक एवं कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारत की तैयारियों पर चर्चा हुई। स्पोर्ट्स आइकन ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए खेल को अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य और उत्कृष्टता विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।

मुख्य अतिथि अनुप्रिया पटेल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी साधन है।

युवा संवाद के बाद प्रतिभागियों को ‘विकसित भारत–नशा मुक्त युवा’ की शपथ दिलाई गई। युवाओं को माय भारत पोर्टल पर संचालित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

लखनऊ में यह कार्यक्रम एक साथ नौ स्थानों—बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, महार्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नेशनल पीजी कॉलेज, आर.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न टेक्नोलॉजी, सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी तथा सरस्वती डेंटल कॉलेज—में आयोजित हुआ।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं के साथ अपने क्रिकेट सफर, संघर्ष और अनुभव साझा किए तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और खेल एवं शिक्षा दोनों में निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

मेरा युवा भारत, उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक श्री गोपेश पाण्डेय ने मुख्य अतिथि, स्पोर्ट्स आइकन एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का अभिनंदन किया। एलाइड एवं हेल्थकेयर विभाग के डीन डॉ. के.के. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Pages