गोरखपुर। भगवानपुर फर्टिलाइजर कॉलोनी स्थित केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया।
कार्यक्रम की तैयारियां प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में शिक्षिकाओं पिंकी एवं रुचिता ने कराईं। इस दौरान बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व तथा भारतीय संस्कृति में इसके विशेष स्थान के बारे में जानकारी दी गई।
समारोह में छात्राओं ने अपने भाइयों का तिलक कर उनकी कलाई पर सुंदर राखियां बांधीं और मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी बहनों को चॉकलेट एवं मिठाई भेंट कर उनके प्रति प्रेम और स्नेह व्यक्त किया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी के मजबूत बंधन का पर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व-त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों की पहचान हैं। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ भारतीय परंपराओं, संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ना भी है। समारोह से विद्यालय परिसर में उल्लास और भाईचारे का वातावरण बना रहा।

No comments:
Post a Comment