बस्ती। जनपद भ्रमण पर आए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को समाजवादी शिक्षक सभा ने पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की। शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने रेस्ट हाउस पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड 1982 में लागू सेवा सुरक्षा के प्रावधानों को पुनः बहाल करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने, शिक्षामित्रों को शिक्षक पद पर समायोजित करने तथा माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राजकीय शिक्षकों की तरह चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र प्रसाद चौधरी ने कहा कि उक्त मांगों को लेकर शिक्षक सभा लगातार आंदोलनरत है, लेकिन सरकार की ओर से इन समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किए जाने तक संगठन अपनी आवाज उठाता रहेगा।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शिक्षक सभा के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षकों की उक्त मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उन्हें लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षक सभा के महासचिव श्रीना विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव डॉ. फूलदेव यादव, राष्ट्रीय सचिव डॉ. इंद्रसेन यादव, अरविंद वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment