बस्ती। पीआरडी जवानों को बेहतर आवासीय सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम एटर पश्चिम में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। साथ ही पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बस्ती कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पीआरडी जवानों ने देखा। मुख्यमंत्री के संबोधन के माध्यम से जवानों के लिए आवास, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय-भत्ते में वृद्धि के साथ पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग और विभाग के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य सभी की समस्याओं का समाधान करते हुए उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर, हर्रैया के सरोज मिश्रा, सदर के मो. सलीम, महादेवा के फूलचन्द्र श्रीवास्तव, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नवीन तिवारी, श्वेता सिंह समेत पीआरडी जवान एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment