गोरखपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद गंगाजल से कथित शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में मंगलवार को महानगर कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेसियों ने पैदल मार्च कर सत्याग्रह किया। महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद और जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टाउनहाल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से अंबेडकर चौक तक मार्च निकाला।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति वाले सभा स्थल को कथित रूप से अपवित्र बताकर उसका गंगाजल से शुद्धिकरण किया जाना शर्मनाक और प्रतिगामी कृत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दलित समाज को नीचा दिखाने वाली मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों की गरिमा का अपमान है।
जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि इस तरह का कृत्य समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में जातिगत भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
मार्च में प्रदेश सचिव दिलीप कुमार निषाद, स्नेहलता गौतम, राकेश यादव, राकेश मौर्या, तस्लीम आलम अंसारी, अविनाश पाण्डेय, सदानन्द पाण्डेय, प्रणव उपाध्याय, अजय मिश्रा, ज्योत्सना दुबे, सांवरा जी, गणेश मिश्रा, कालंजय राम त्रिपाठी और धर्मराज चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment