बस्ती। चनानी स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक सुस्मिता सानू द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिया थॉमस ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ विद्यालय में इन्वेस्टिचर सेरेमनी (Investiture Ceremony) का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल कैप्टन, वाइस कैप्टन तथा विभिन्न हाउसों के हाउस लीडर्स का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को उनकी नई जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए विद्यालय की ओर से दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति के साथ नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। समारोह का वातावरण उत्साह और राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।



No comments:
Post a Comment