गोरखपुर। श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा, बक्शीपुर के तत्वावधान में रविवार को श्री चित्रगुप्त मंदिर सभागार में कायस्थ युवा समागम का आयोजन किया गया। ‘युवाओं का भारत और कायस्थ युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित समागम में युवाओं की सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली कायस्थ समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा शक्ति है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज की पहचान ज्ञान, शिक्षा, प्रशासन, लेखनी और राष्ट्रसेवा से रही है। युवाओं को इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट मेजर डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन, सेवा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और अनुशासित युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, दीपक रंजन और डॉ. विजय प्रकाश श्रीवास्तव ने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं विजय श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव व गौतम लाल ने युवाओं की सार्वजनिक जीवन, सामाजिक सेवा, नीति निर्माण, राजनीति और उद्यमिता में सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम संयोजक राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि समागम का उद्देश्य कायस्थ समाज की युवा शक्ति को एक मंच पर लाकर नई दिशा देना है। उन्होंने शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, कानून, राजनीति, उद्यमिता, कला, खेल और सामाजिक सेवा सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं की मजबूत भागीदारी की आवश्यकता बताई।
अध्यक्षता कर रहे श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा के अध्यक्ष राजेश चन्द्रा ने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व को भी समझना होगा। सफलता के साथ समाज के लिए योगदान देने से ही ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सार्थक होगा।
- इन प्रतिभाओं को मिला सम्मान
समागम में चिकित्सा एवं कार्डियक सर्जरी के क्षेत्र में डॉ. दिव्यज्योति श्रीवास्तव, चिकित्सा में डॉ. उज्ज्वल श्रीवास्तव व डॉ. श्रेयसी श्रीवास्तव, विधि क्षेत्र में अनुज अस्थाना, अजय शंकर श्रीवास्तव, शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव, आशुतोष श्रीवास्तव व रंजन श्रीवास्तव, विज्ञान एवं शोध में डॉ. रेखा श्रीवास्तव व डॉ. हर्षिता श्रीवास्तव, राजनीति एवं सामाजिक क्षेत्र में अष्टभुजा श्रीवास्तव व विशाल श्रीवास्तव, प्रशासनिक सेवा में आकांक्षा श्रीवास्तव, संगीत में शगुन श्रीवास्तव, खेल में आकाश श्रीवास्तव व उत्कर्ष श्रीवास्तव, शिक्षा क्षेत्र में सार्थक श्रीवास्तव, सिद्धान्त श्रीवास्तव व रिद्धिमा श्रीवास्तव, उद्यमिता एवं उद्योग में पुनित श्रीवास्तव सहित विभिन्न क्षेत्रों की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ने किया। स्वागत भाषण संयोजक राहुल श्रीवास्तव ने दिया, जबकि मंदिर सभा के मंत्री सत्येन्द्र श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment