गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) पक्कीबाग, गोरखपुर के विद्यार्थियों ने विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (2026-27) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 21 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 30 पदक जीतकर विद्यालय और गोरखपुर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर, माधव ज्ञान केंद्र खरकौनी (नैनी, प्रयागराज) में हुआ, जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के 49 जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विद्यालय के 31 खिलाड़ियों ने जूडो, कुश्ती और कुराश जैसी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। छात्र वर्ग ने 16 स्वर्ण पदक जीते, जबकि छात्रा वर्ग ने 5 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके अलावा खिलाड़ियों ने 7 रजत और 2 कांस्य पदक भी हासिल किए।
विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने खिलाड़ियों, खेल आचार्यों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास का भी पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
खेलवार स्वर्ण पदक विवरण
छात्र वर्ग: जूडो-7, कुश्ती-4, कुराश-5 (कुल 16 स्वर्ण)
छात्रा वर्ग: जूडो-2, कुराश-3 (कुल 5 स्वर्ण)
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक यादव ने किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य राम केवल शर्मा, माण्डवी सिंह, शारीरिक प्रमुख दीपेन्द्र सिंह, रवि निगम, अरविंद दुबे, सदानंद यादव, देवेन्द्र, मंजरी यादव, शिल्पी सिंह, रूपाली, सदानंद पांडे सहित विद्यालय के समस्त आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment