गोरखपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के "टीबी मुक्त भारत अभियान 2025" के अंतर्गत 15 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, गोरखपुर द्वारा सोमवार को टीबी के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ बटालियन परिसर से हुआ। एनसीसी की गर्ल्स कैडेट्स ने हाथों में बैनर, तख्तियां और जागरूकता संदेशों से युक्त पोस्टर लेकर "टीबी हारेगा, देश जीतेगा" तथा "जांच कराओ, टीबी भगाओ" जैसे नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय तक मार्च किया। इस दौरान कैडेट्स ने आम नागरिकों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच तथा सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार की जानकारी देकर जागरूक किया।
रैली के उपरांत बटालियन परिसर में "टीबी मुक्त भारत" विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कैडेट्स ने आकर्षक और संदेशात्मक पोस्टरों के माध्यम से क्षय रोग उन्मूलन का संदेश दिया।
इस अवसर पर कर्नल अमूल्य प्रताप सिंह, कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं मेजर आकांक्षा पांडे, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर ने कैडेट्स से टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा "निक्षय मित्र" बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सीनियर जीसीआई सीमा राय, हवलदार सोनू, हवलदार प्रकाश तथा हवलदार श्रवण सहित अन्य अधिकारी एवं कैडेट्स मौजूद रहे। बटालियन ने भविष्य में भी सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment