गोरखपुर। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुभाष चंद्र बोस नगर, सूर्यकुंड में गुरुवार को शिशु भारती एवं छात्र संसद का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मदन मोहन मालवीय तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा कि सफलता का मूल मंत्र अनुशासन है। यदि विद्यार्थी अनुशासन और सतत परिश्रम को जीवन का आधार बना लें तो वे बड़े से बड़े लक्ष्य को भी सहजता से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से "कल से अधिक आज और आज से अधिक कल परिश्रम" के सिद्धांत को अपनाने का आह्वान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वही सपने साकार होते हैं जो व्यक्ति को सोने नहीं देते। साथ ही विद्यार्थियों से माता-पिता, गुरुजनों एवं बड़ों का सम्मान करने और उनके आशीर्वाद से जीवन में आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि शपथ लेना सरल है, लेकिन उसका जीवनभर पालन करना ही वास्तविक सफलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री डॉ. अश्वनी कुमार वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल पुस्तकीय शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, दायित्वबोध और राष्ट्रीय भावना का विकास भी करते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्र संसद की अवधारणा एवं उसके उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
समारोह में मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, प्रधानाचार्य एवं प्राथमिक वर्ग प्रभारी प्रियंका सिंह ने छात्र सांसदों, प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री, न्यायाधीशों, सेनापतियों तथा अन्य पदाधिकारियों को निष्ठा एवं ईमानदारी से दायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई।
विद्यालय की छात्र संसद में प्रत्येक कक्षा से दो-दो प्रतिनिधियों का चयन कर कुल 55 छात्र सांसद निर्वाचित किए गए। इनमें अनिकेत मिश्र को प्रधानमंत्री, अंतरिक्ष राय एवं सूर्य प्रकाश पाण्डेय को उपप्रधानमंत्री, हर्षित तिवारी को मुख्य न्यायाधीश तथा कृष्णांश राय को मुख्य सेनापति चुना गया। प्राथमिक वर्ग में अथर्व श्रीवास्तव को शिशु भारती का अध्यक्ष एवं पलक को उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा 15 मंत्री और 15 उपमंत्रियों का भी चयन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य अनुराग तथा आभार प्रदर्शन श्री त्रिपुरारी ने किया। सरस्वती वंदना से प्रारंभ हुए समारोह का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी नव निर्वाचित छात्र प्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment