<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, July 27, 2026

नौका विहार में दर्दनाक हादसा : दो नावों की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल


गोरखपुर। रामगढ़ताल स्थित नौका विहार में रविवार रात करीब 9:30 बजे दो नावों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद नौका विहार परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी लखमुद्दीन (21) के रूप में हुई है। वहीं घायल कयामुद्दीन अंसारी (25) निवासी अजीज नगर, कप्तानगंज (कुशीनगर) तथा एक बच्चे का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कयामुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय एक नाव में आठ लोग सवार थे। एक नाव प्लेटफॉर्म से झील की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी सवारी लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान दोनों नावों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार कई लोग पानी में गिर गए।
सूचना मिलते ही नौका विहार चौकी पुलिस, सुरक्षा कर्मियों और रेस्क्यू टीम ने तत्काल अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल लखमुद्दीन, कयामुद्दीन और बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान लखमुद्दीन ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह नावों की टक्कर मानी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नौका संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
इस हादसे के बाद रामगढ़ताल नौका विहार की सुरक्षा व्यवस्था, नाव संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages