बस्ती। कैली अस्पताल गेट नंबर-1 के सामने स्थित ओमवीर हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने बाएं गुर्दे के कैंसर से पीड़ित एक मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया है। करीब ढाई घंटे तक चली जटिल सर्जरी में चिकित्सकों ने कैंसरग्रस्त गुर्दे से बड़े ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर जिले के कटेहरी क्षेत्र के पिलखीवा निवासी 35 वर्षीय अनुपम लंबे समय से बाएं गुर्दे के कैंसर से पीड़ित थीं। जांच में उनके गुर्दे में 8.4×6.8×8.6 सेंटीमीटर आकार का बड़ा ट्यूमर पाया गया। परिजनों ने बताया कि मरीज ने पहले अन्य अस्पतालों में इलाज कराया तथा लगभग छह माह तक आयुर्वेदिक उपचार भी लिया, लेकिन कोई विशेष लाभ नहीं मिला। हालत बिगड़ने पर उन्हें ओमवीर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह (एमसीएच यूरोलॉजी) ने विस्तृत जांच के बाद तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। करीब दो से ढाई घंटे तक चली सर्जरी के दौरान कैंसरग्रस्त गुर्दे का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान मरीज को दो यूनिट रक्त भी चढ़ाया गया।
इस जटिल सर्जरी में डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सुरभि (एमडी एनेस्थीसिया) तथा सर्जिकल असिस्टेंट मनोज और रविंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज अब खतरे से बाहर है। उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
अस्पताल की संचालिका डॉ. अर्चना चौधरी ने सफल ऑपरेशन पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि कैंसर और गुर्दे से जुड़ी गंभीर बीमारियों के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में बिना देरी किए योग्य विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें और अप्रमाणित उपचार या झाड़-फूंक के भरोसे समय न गंवाएं। समय पर आधुनिक चिकित्सा पद्धति से इलाज कराने पर गंभीर बीमारियों का भी सफल उपचार संभव है।

No comments:
Post a Comment