बस्ती। ब्रह्मदेव इंद्रमती त्रिपाठी महिला डिग्री कॉलेज, थाना खास, हर्रैया में आयोजित फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का तीसरा एवं चौथा बैच गुरुवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। अब तक दो चरणों में आयोजित चार बैचों में कुल 200 शिक्षक एवं शिक्षामित्र प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। आगामी चरणों में 270 अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। हर्रैया ब्लॉक में कुल 470 शिक्षक एवं शिक्षामित्रों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षामित्र उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान भाषा एवं गणित की बुनियादी दक्षताओं के विकास, गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया तथा बच्चों में तार्किक और रचनात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के संदर्भदाता एआरपी संतोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, राजीव शुक्ल, काशीराम वर्मा एवं रवीश कुमार मिश्र शिक्षकों को एफएलएन मिशन के विभिन्न पहलुओं से अवगत करा रहे हैं। प्रशिक्षण सत्रों में नवीन शिक्षण तकनीकों, टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) के प्रभावी उपयोग, कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक बनाने तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने बताया कि एफएलएन मिशन का मुख्य उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमताओं का विकास करना है। इसके लिए शिक्षकों को आधुनिक एवं व्यवहारिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक विद्यालयों में नवाचारों को अपनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment