वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता गोरखपुर
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे अत्याधुनिक संसाधनों एवं बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में नई दिल्ली में आयोजित 73वीं अखिल भारतीय रेलवे बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पूर्वोत्तर रेलवे की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सुश्री साक्षी गहलावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला युगल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
महिला युगल में पूर्वोत्तर रेलवे की साक्षी गहलावत एवं मध्य रेलवे की सुश्री मृण्मयी देशपांडे की जोड़ी ने तीसरे-चौथे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में उत्तर-मध्य रेलवे की सुश्री शिवानी सिंह एवं दक्षिण-मध्य रेलवे की सुश्री रश्मिता डोनेपुडी की जोड़ी को कड़े संघर्ष के बाद 15-12, 10-15, 15-9 से पराजित किया।
साक्षी गहलावत के इस शानदार प्रदर्शन और उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं संरक्षक/नरसा उदय बोरवणकर, अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण एवं अध्यक्ष/नरसा अनुज मित्तल, महासचिव/नरसा अक्षय मिश्रा, बैडमिंटन सचिव मनोज मिश्र, सहायक क्रीड़ाधिकारी चन्द्र विजय सिंह, बैडमिंटन कोच दिग्विजय नाथ यादव सहित नरसा के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ी की इस उपलब्धि को पूर्वोत्तर रेलवे के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment