वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘क्रैक साइबर क्राइम’ अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना संतकबीरनगर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार पीड़ित के 1 लाख 49 हजार 900 रुपये वापस करा दिए।
जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को रामबचन चौरसिया पुत्र सूर्यभान निवासी पखुआपार, थाना खलीलाबाद, जनपद संतकबीरनगर के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर 1,49,900 रुपये की अवैध ट्रांजेक्शन कर ली थी। घटना की शिकायत प्राप्त होते ही साइबर क्राइम थाना संतकबीरनगर की टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर तकनीकी माध्यमों से तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ठगी की धनराशि को होल्ड कराया और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद 17 अगस्त 2026 को पूरी 1,49,900 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित रामबचन चौरसिया ने साइबर क्राइम थाना संतकबीरनगर की कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल इसकी सूचना संबंधित साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस को दें, ताकि ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।

No comments:
Post a Comment