वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। सावन मास के द्वितीय सोमवार के पावन अवसर पर सोमवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद के प्रसिद्ध प्राचीन तामेश्वर धाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजन-अर्चन के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी कैमरों, नियंत्रण कक्ष, ड्यूटी प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सावन मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं।

No comments:
Post a Comment