<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, August 11, 2026

पूर्वांचल राज्य की मांग समेत जनहित के मुद्दों को लेकर कौशांबी में गरजा पूर्वांचल का स्वर

कौशांबी। पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के घटक दल भारतीय अपना समाज पार्टी एवं राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के नेतृत्व में कौशांबी में कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक राजन सिंह सूर्यवंशी तथा रघुनाथ उपाध्याय ने महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाया। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और मतदाताओं को अपने मताधिकार की महत्ता समझनी चाहिए।
ज्ञापन में सहारा सहित अन्य निवेशकों के फंसे धन का भुगतान कराने, पूर्वांचल को अलग राज्य का दर्जा देने, किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने, गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने तथा कक्षा 12 तक कॉन्वेंट स्कूलों में निशुल्क शिक्षा की मांग की गई।
वक्ताओं ने बढ़ती जनसंख्या और गिरते भूजल स्तर पर भी चिंता जताई। राजनीति एवं समाज में बढ़ते जातिवाद को समाप्त करने तथा सामाजिक समानता की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की गई। इसके अलावा यूजीसी से जुड़े विवादित प्रावधानों की समीक्षा, आरक्षण व्यवस्था की विसंगतियों को दूर करने और आर्थिक एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के लिए न्यायपूर्ण अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
राजन सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब सत्ता जनता की आवाज सुने और जनहित में कार्य करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही मिशन-2027 के लिए संगठन को मजबूत करने की अपील की।
कार्यकर्ता सम्मान समारोह में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान प्रदेश महासचिव संजय पांडेय, कौशांबी जिलाध्यक्ष पुरन चंद्र मिश्र, नीलम सिंह, हरिशचंद उपाध्याय, राम स्वारथ सिंह, महेंद्र साहनी, नसीम अहमद, दयाशंकर उर्फ राजा त्रिपाठी, डॉ. संजय पांडेय, गंगा प्रसाद दुबे, प्रवीण कुमार उपाध्याय, जगदीश कुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages