बस्ती। पवित्र पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भाई-बहन के प्रेम, सामाजिक समरसता और आत्मीयता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग की छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती को रक्षासूत्र बांधकर सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
राखी बंधवाने के बाद मुख्य राजस्व अधिकारी ने छात्राओं को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, विश्वास और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी सौहार्द और स्नेह का संदेश देता है।
उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, प्रशासन और विज्ञान सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। शिक्षित और सशक्त बेटियां परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर छात्राएं अनुकृति सिंह, अन्विति सिंह, शांभवी, आराध्या मिश्रा, मानवी मिश्रा, अर्पिता पांडेय, उन्नति सिंह, हिमांशी तथा तान्या कसौधन मौजूद रहीं। विद्यालय की शिक्षिका नेहा पांडेय भी उपस्थित रहीं। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम ने भाई-बहन के प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया।

No comments:
Post a Comment