बस्ती। किसान सर्वोदय इंटर कॉलेज रायठ में सोमवार को जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों से करीब 20 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं भार वर्ग में प्रतिभाग कर अपने दमखम का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने वाले आठ खिलाड़ियों का चयन मंडलीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ किसान सर्वोदय इंटर कॉलेज रायठ के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद शुरू हुए कुश्ती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
उद्घाटन मुकाबले में अशोक इंटर कॉलेज छावनी के सुलेमान ने किसान सर्वोदय इंटर कॉलेज रायठ के श्यामसुंदर को शिकस्त दी। दूसरे मुकाबले में सिद्धार्थ ने अरुण को हराया, जबकि तीसरे मुकाबले में मोहम्मद कैफ और मोहम्मद आरिफ के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें मोहम्मद आरिफ विजयी रहे।
पूरी प्रतियोगिता में अशोक इंटर कॉलेज छावनी के पहलवानों का दबदबा देखने को मिला। शानदार प्रदर्शन के दम पर अशोक इंटर कॉलेज छावनी ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मेजबान किसान सर्वोदय इंटर कॉलेज रायठ की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राकेश कुमार ने किया।
प्रतियोगिता जनपदीय क्रीड़ा समिति के सदस्य प्रभाकर ओझा एवं सुरेंद्र कुमार शुक्ला की देखरेख में संपन्न हुई। निर्णायक की भूमिका मक्खन लाल, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक बनकटी तथा जितेंद्र कुमार वरुण, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक रुधौली ने निभाई।
इस अवसर पर अजय कुमार राव, डॉ. राम हरीश मौर्य, नागेंद्र प्रताप सिंह, बुशरा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खेल प्रेमी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment