वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
कलवारी (बस्ती)। शनिवार दोपहर करीब दो बजे लुंबिनी-दुधी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के चनगहिया गांव के पास कार और पल्सर बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कार चालक अविनाश वर्मा पुत्र राजीव वर्मा निवासी बाग बहार, थाना पवई, जिला आजमगढ़ बस्ती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चनगहिया गांव के पास सामने से आ रही पल्सर बाइक से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक पर सहाबुद्दीन पुत्र मोहम्मद साह, उम्र 25 वर्ष, मोहम्मद शरीफ पुत्र मोहम्मद आजम, उम्र 26 वर्ष और नूर आलम पुत्र इश्ताक, उम्र 24 वर्ष, निवासी घोईसापुर, थाना नगर सवार बताए गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कलवारी संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर-कलवारी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए कार चालक अविनाश वर्मा और बाइक सवार मोहम्मद शरीफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं चिकित्सकों ने सहाबुद्दीन (25) और नूर आलम (24) को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment