वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चीनी के स्टॉक को लेकर फैलायी जा रही अफवाहों पर आमजन ध्यान न दें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप खुले बाजार से चीनी खरीद सकते हैं।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनपद के सभी थोक व्यापारियों को निर्देशित किया है कि भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल https://foodstock.dfpd.gov.in/ पर चीनी के स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करें और उसे नियमित रूप से अपडेट भी करते रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति अथवा व्यापारी जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने व्यापारियों से पारदर्शिता बनाए रखने और स्टॉक संबंधी जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने को कहा है। वहीं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी प्रकार की अनावश्यक खरीदारी या जमाखोरी से बचें।

No comments:
Post a Comment