वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम के तहत बाइक रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. सलोनी गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा कराया गया।
रैली में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से युवक मंगल दल, महिला मंगल दल के सदस्यों तथा पीआरडी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विकासखंड स्तर से निकाली गई बाइक रैलियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कृष्णा पैलेस स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचीं। इसके बाद जनपद स्तरीय बाइक रैली का शुभारंभ प्रातः नौ बजे विकास भवन, संत कबीर नगर से हुआ। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए कृष्णा पैलेस पहुंचकर संपन्न हुई।
बाइक रैली में प्रतिभागियों ने ‘सेवा मेरा योगदान—विकसित भारत का संकल्प’ और ‘विकसित भारत@2047’ सहित विभिन्न संदेशों से युक्त तख्तियां प्रदर्शित कीं। रैली के माध्यम से सेवा भावना, राष्ट्र निर्माण, युवा सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:
Post a Comment