वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी के सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (आत्मा) योजनांतर्गत वर्ष 2026-27 में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जनपद के 60 कृषकों के दल को जिलाधिकारी अनुज मलिक ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कृषकों का दल 7 से 11 अक्टूबर 2026 तक वाराणसी स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान तथा अंतर्राष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेगा। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सब्जी, धान सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और उत्पादन संबंधी आधुनिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुज मलिक ने किसानों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नवीन तकनीकों और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी हासिल कर किसान अपने कृषि कार्यों में उसका प्रभावी उपयोग करें, जिससे उत्पादन और आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने किसानों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि रक्षा अधिकारी अजयदीप सिंह, एसएमएस विजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment