वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को भानपुर में पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल और पूर्व प्रत्याशी संगीता प्रताप जायसवाल की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भानपुर स्थित आदर्श पेट्रोल पंप से हुई। यहां पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को राष्ट्रध्वज वितरित किया। इसके बाद तिरंगा यात्रा उकड़ा शिव मंदिर के लिए रवाना हुई। मंदिर पहुंचने के बाद राष्ट्र के नाम जन संबोधन किया गया।
पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यह देश की आन, बान और शान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाती है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
भाजपा नेत्री संगीता प्रताप जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और सपनों का प्रतीक है। उन्होंने नारी शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाओं ने हमेशा देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यात्रा में राजेश सिंह, मनोज सिंह, मुन्ना जायसवाल, राधे चौधरी, अनिल सिंह, गिरजेश मिश्रा, विकास शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment